बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बरेठा और कासिया के बीच लगभग पांच किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग बारिश के मौसम में लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। कीचड़ और फिसलन के कारण इस मार्ग पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के चलते हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
यह मार्ग परतवाड़ा-दादुढाना सड़क को चांदू, भैंसदेही और नान्दा रोड से जोड़ता है। लगातार बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई है, जिससे दोपहिया ही नहीं बल्कि चारपहिया वाहन भी फिसल रहे हैं।
हाल ही में समाजसेवी विनेश बारस्कर की कार भी इसी मार्ग पर फिसलकर नदी की ओर बढ़ गई थी। हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने समय रहते वाहन को सुरक्षित निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क से प्रतिदिन बसों सहित सैकड़ों ग्रामीण, किसान, विद्यार्थी और सरकारी कर्मचारी आवागमन करते हैं। इसके बावजूद वर्षों से सड़क निर्माण की मांग के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए मांग की है कि सड़क का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और पक्की सड़क निर्माण का कार्य जल्द शुरू किया जाए, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
