बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मांडवी में आयोजित कार्यक्रम के तहत छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम राज्यव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसमें करीब 500 छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान थाना आठनेर पुलिस ने छात्राओं को सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, साइबर ब्लैकमेलिंग और डिजिटल धोखाधड़ी जैसे बढ़ते साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल दुनिया में सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए और छात्राओं को इंटरनेट एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं और छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार करना है।
