राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को राजनांदगांव जिले के ग्राम बाटगांव में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में आम, कटहल सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। अभियान के तहत कुल 2400 पौधे लगाए गए, जबकि ग्रामीणों को निःशुल्क पौधों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अपने संबोधन में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण से बढ़ते तापमान पर नियंत्रण पाने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों तथा पर्यावरण निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं और स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने ग्राम पंचायत की विभिन्न विकास संबंधी मांगों को भी स्वीकृति देते हुए बोरिंग एवं सोलर पंप सिंचाई व्यवस्था, महिला भवन, मिनी स्टेडियम, बाल उद्यान और वर्कशॉप के लिए 10 लाख रुपये तथा 30 से 50 एकड़ क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्य के लिए अतिरिक्त 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने अवैध पेड़ कटाई के मामलों में सख्त कार्रवाई का भी भरोसा दिलाया।
ग्राम पंचायत ने भविष्य में 5000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं वन विभाग ने जिलेभर में वन महोत्सव के तहत व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने की बात कही है।
