बुरहानपुर: मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बोरसल में 35 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान नितिन कोली, निवासी खापरखेड़ा, के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना उस स्थान पर हुई जहां अक्सर शराब पीने वालों का जमावड़ा लगता है। आशंका जताई जा रही है कि शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद अज्ञात आरोपी ने ईंट और लकड़ी से युवक के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपी की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
