हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शाहाबाद थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े सराफा कारोबारी से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर रोक लिया और शीशा तोड़कर करीब 5 किलो चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर निवासी हृदयराम सोनी अपने ड्राइवर के साथ वैगनआर कार से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान शाहाबाद क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास एक स्विफ्ट कार में सवार चार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने कार का शीशा तोड़ दिया और उसमें रखा करीब 5 किलो चांदी से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर शाहाबाद थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश जारी है।
रिपोर्ट: प्रियांशू सोनी
स्थान: शाहाबाद, हरदोई
