हरदोई: जिले के शाहाबाद थाना क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी से करीब 5 किलो चांदी की लूट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया।
एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने मामले के जल्द खुलासे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस के अनुसार, लूटकांड का पर्दाफाश करने के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही हैं और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान में जुटी हैं।
अधिकारियों का कहना है कि घटना के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट: दिनेश राजपूत
स्थान: हरदोई
