खैरागढ़: महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित महतारी वंदन योजना में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। खैरागढ़ जिले में एक पुरुष का आवेदन महिला हितग्राही के रूप में स्वीकृत हो गया और उसे करीब 10 महीने तक योजना की राशि का भुगतान होता रहा। मामला सामने आने के बाद विभाग ने भुगतान रोकते हुए करीब 10 हजार रुपये की राशि की रिकवरी कर ली है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम मुढ़ीपार का है। योजना के सत्यापन के दौरान पता चला कि महिलाओं के लिए संचालित इस योजना का लाभ एक पुरुष को दिया जा रहा था। बताया जा रहा है कि मार्च से दिसंबर 2024 तक उसे नियमित रूप से योजना की राशि मिलती रही।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आवेदन पत्र में हितग्राही और उसके पति का नाम एक ही दर्ज था। इसके बावजूद ई-केवाईसी और दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान आवेदन को पात्र मान लिया गया। इसी कथित लापरवाही के कारण योजना का लाभ गलत व्यक्ति तक पहुंच गया।
मामला सामने आने के बाद विभाग ने संबंधित हितग्राही से लगभग 10 हजार रुपये की राशि वापस जमा करा ली है और आगे का भुगतान भी रोक दिया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की विभागीय जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
