सूरजपुर: जिले के दूरस्थ क्षेत्र चांदनी-बिहारपुर के कोल्हुआ गांव में एक जंगली जानवर ने दिनदहाड़े घर के पास चर रहे बकरे को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कोल्हुआ गांव निवासी संतोष पनिका अपने घर के समीप बकरा चरा रहे थे। इसी दौरान एक जंगली जानवर ने अचानक हमला कर बकरे को घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। शोर सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक जंगली जानवर बकरे को मारकर क्षत-विक्षत कर चुका था।
ग्रामीणों के अनुसार, हमला करने वाले जंगली जानवर की पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि कोल्हुआ गांव गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान से सटा हुआ है, जिसके कारण यहां जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। वन विभाग समय-समय पर जंगल किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह देता रहा है।
वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही ग्रामीणों से जंगल के आसपास सतर्क रहने और किसी भी जंगली जानवर की गतिविधि की तत्काल सूचना विभाग को देने की अपील की है।
