बुरहानपुर: जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई तेज बारिश के कारण ग्राम हतनूर की पुलिया पर पानी का तेज बहाव शुरू हो गया, जिससे पुलिया पूरी तरह जलमग्न हो गई और आवागमन बंद करना पड़ा। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने पुलिया के दोनों ओर मोर्चा संभाल लिया है।
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के चलते हतनूर क्षेत्र की पुलिया कुछ ही समय में पानी में डूब गई। इसके बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को पुलिया पार करने से रोक दिया।
प्रशासन का कहना है कि जब तक पानी का बहाव सामान्य नहीं हो जाता, तब तक किसी भी व्यक्ति या वाहन को पुलिया पार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मौसम विभाग ने जिले में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से जलमग्न पुल, पुलिया और नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
लगातार बारिश से जहां एक ओर जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं दूसरी ओर किसानों के चेहरों पर खुशी भी दिखाई दे रही है। अच्छी वर्षा से खरीफ फसलों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने की उम्मीद है। फिलहाल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
