Newlywed Couple Killed in Surajpur Road Accident
सूरजपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां 24 और 22 वर्षीय नवविवाहित दंपति की सड़क दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों ने लापरवाही के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ओडगी थाना क्षेत्र के ठरगी गांव निवासी लल्लू चंद्र चेरवा अपनी पत्नी अंजुलता के साथ बाइक से ओडगी जा रहे थे। इसी दौरान पालदलौनी और ओडगी के बीच कुल्लू घाटिया के पास सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही जेसीबी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जेसीबी नाबालिग द्वारा चलाई जा रही थी और वाहन मालिक की भी लापरवाही सामने आई है। लोगों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मृतिका गर्भवती थी या नहीं। फिलहाल जेसीबी मालिक और संबंधित ठेकेदार द्वारा डेढ़ लाख रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है। प्रशासन और पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति फिलहाल शांत हो गई है।
