MP Authorities on High Alert After Jabalpur Boat Tragedy
जबलपुर: में हुई दर्दनाक नाव दुर्घटना के बाद मध्यप्रदेश का प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में मंदसौर जिले की सुवासरा और शामगढ़ तहसील क्षेत्रों में चंबल नदी पर संचालित स्टीमरों का औचक निरीक्षण किया गया। आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा मानकों, बीमा, फिटनेस सर्टिफिकेट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की गहन जांच की।
मंदसौर के कई ग्रामीण इलाकों में आज भी चंबल नदी पार करने के लिए स्टीमर ही मुख्य साधन हैं, जहां रोजाना सैकड़ों लोग जोखिम उठाकर सफर करते हैं। जबलपुर हादसे के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए स्टीमर संचालकों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने और क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण टीम गांधी सागर बोट क्लब भी पहुंची, जहां पर्यटकों के लिए चलने वाले क्रूज की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने पर्यटकों से सीधे संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं को भी सुना। पर्यटकों ने हादसे पर दुख जताते हुए यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत बताई।
प्रशासन की इस कड़ी कार्रवाई से बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के खिलाफ संचालित नाव-स्टीमर संचालकों में हड़कंप मच गया है।
