Youth Killed After Car Crashes Into Parked Truck On NH-43, Driver Absconding
अम्बिकापुर-रायपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक से टकराई कार
अम्बिकापुर। अम्बिकापुर-रायपुर नेशनल हाईवे-43 पर देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कार चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठीकलां गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुआ। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। कार में दो लोग सवार बताए जा रहे हैं।
घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। वहीं सड़क किनारे ट्रक खड़ा किए जाने के मामले की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
