House Collapses In Storm, Family Suffers Heavy Losses; Seeks Compensation
आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, मकान ध्वस्त होने से परिवार बेघर
दरिमा। दरिमा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहनपुर में मंगलवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के चलते एक मकान पूरी तरह ढह गया, जिससे परिवार को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, मोहनपुर निवासी बन्धन का मकान देर रात करीब डेढ़ बजे तेज तूफान की चपेट में आ गया। अचानक मकान गिरने से घर में रखा घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय घर में मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मकान ढहने के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। परिवार का कहना है कि वर्षों की मेहनत से जुटाया गया घरेलू सामान और आवश्यक वस्तुएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
आंधी-तूफान का असर केवल एक घर तक सीमित नहीं रहा। क्षेत्र के कई अन्य इलाकों में भी पेड़ गिरने, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने और तार टूटने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई और कई मार्गों पर यातायात बाधित हो गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर नुकसान का आकलन करने और पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकें। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किए जाने की प्रक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
