Tragic Fire in Surat: 5 Members of Same Family Burned Alive
गुजरात: के सूरत जिले के लिंबायत क्षेत्र में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह घटना एक रिहायशी मकान में लगी भीषण आग के कारण हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब राहत और बचाव कार्य के दौरान घर की तलाशी ली गई, तो अंदर से पांच शव बरामद हुए। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मौके पर पहुंचे एडिशनल सीपी बलराम मीणा के अनुसार, सुबह लिंबायत पुलिस स्टेशन को घर में आग लगने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि यह परिवार साड़ियों की पैकिंग का काम करता था और घर में बड़ी मात्रा में उससे संबंधित सामग्री रखी हुई थी।
बताया जा रहा है कि दो मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर सुबह करीब 11 बजे खाना बनाते समय सिलेंडर से गैस रिसाव हुआ, जिससे अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया।
इस हादसे में जान गंवाने वालों में चार महिलाएं और एक मासूम बच्चा शामिल हैं। पुलिस फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच कर रही है और एफएसएल टीम भी मौके पर जांच में जुटी हुई है।
