Patiala Man Brutally Murdered Over Suspected Tip-Off Against Drug Network
पटियाला। पंजाब के पटियाला शहर में एक युवक की तेजधार हथियारों से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 29 वर्षीय अभिषेक उर्फ अभि, निवासी गांव चौरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वीरवार देर रात अभिषेक अपने एक दोस्त के साथ ई-रिक्शा से घर लौट रहा था। जब वह हीरा बाग क्षेत्र के पास पहुंचा, तभी कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और हमलावरों ने अभिषेक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अभिषेक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और नशा तस्करी से जुड़ा विवाद हो सकता है। परिवार का दावा है कि मुख्य आरोपी को शक था कि पुलिस को उसके खिलाफ दी गई सूचना में अभिषेक की भूमिका थी। इसी संदेह के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
परिवार के अनुसार, अभिषेक की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह परिवार की जिम्मेदारियों का मुख्य सहारा था। उसकी मौत से पत्नी, वृद्ध मां और परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और नशे से जुड़े अपराधों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
