Bus Overturns After Driver Suffers Heart Attack in Himachal
हिमाचल प्रदेश: के कांगड़ा जिले में रविवार सुबह एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई। यह बस चंबा से ऊना की ओर जा रही थी और यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई थी। नूरपुर के न्याजपुर क्षेत्र में बस चालक को अचानक हार्ट अटैक आ गया, जिससे बस का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का इलाज सिविल अस्पताल नूरपुर में चल रहा है। बस चालक समेत घायलों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बस में सवार अधिकांश यात्री चंबा जिले के रहने वाले थे। सुबह करीब 6:30 बजे बस चंबा से रवाना हुई थी और लगभग 11 बजे नूरपुर पहुंचते ही यह हादसा हो गया। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से 24 को गंभीर चोटें आई हैं। इनमें से चार की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी। मोड़ पर अचानक तेज आवाज हुई और बस पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए।
हादसे के कारण सड़क पर जाम लग गया था, लेकिन नूरपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक को डिफेंस रोड की ओर मोड़ दिया, जिससे यातायात सुचारु हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का और पूर्व विधायक अजय महाजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को उचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
