Ghaziabad Women Protest Against Smart Meters, Delhi-Meerut Road Blocked
उत्तर प्रदेश: के Ghaziabad के मोदीनगर में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध अब सड़कों पर उतर आया है। बढ़े हुए बिजली बिल, बिना सहमति मीटर लगाए जाने और अधिकारियों की अनदेखी से नाराज सैकड़ों महिलाओं ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया।
बेगमाबाद, लंकापुरी समेत कई कॉलोनियों की महिलाएं पहले तहसील परिसर पहुंचीं और धरना शुरू किया। उनका आरोप था कि घरों में बिना जानकारी और सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, जिससे बिजली बिल पहले से कई गुना बढ़ गया है।
महिलाओं ने एसडीएम और ऊर्जा विभाग के अधिकारियों से मीटर हटाने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि उनकी बात नहीं सुनी गई तो वे खुद मीटर उखाड़ने को मजबूर होंगी।
तहसील में सुनवाई न होने पर प्रदर्शनकारी महिलाएं सीधे दिल्ली-मेरठ रोड पर पहुंच गईं और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। करीब 20 मिनट तक चले इस प्रदर्शन से यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थिति बिगड़ते देख प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया।
इसके बाद महिलाएं गोविंदपुरी स्थित बिजलीघर पहुंचीं, जहां उन्होंने एसडीओ से मिलने की कोशिश की, लेकिन अधिकारी मौके पर नहीं मिले। इससे नाराज महिलाओं ने वहीं धरना देकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर की वजह से आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और यह व्यवस्था उपभोक्ताओं के हित में नहीं है।
महिलाओं ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन धरना भी किया जाएगा।
वहीं प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि ऊर्जा विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
