सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में 23 जून को एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पहले इस घटना को झटका करंट लगने से हुई मौत माना जा रहा था, लेकिन अब मृतक के परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के कोट गांव का है। यहां 20 वर्षीय भीम सिंह का शव गांव की एक बाड़ी में लगाए गए झटका करंट के तार में फंसा मिला था। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे करंट लगने से हुई मौत मानकर जांच कर रही थी।
अब परिजनों का आरोप है कि घटना से पहले गांव के कुछ युवकों ने भीम सिंह के साथ मारपीट की थी। उनका दावा है कि इसके बाद उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाया गया, हत्या की गई और शव को झटका करंट के तार पर लटकाकर घटना को हादसा दिखाने की कोशिश की गई।
परिजनों ने तीन लोगों पर हत्या का संदेह जताते हुए आरोप लगाया है कि मृतक के हाथ पर धारदार हथियार से हमला किया गया और बाद में शव को करंट वाले तार पर लटकाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी शिकायत के बावजूद थाना पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल परिजनों के आरोपों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के बीच कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
