शिवपुरी: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के बदरवास जनपद अंतर्गत ग्राम चक्क मोहम्मदपुर (ईचौनिया) में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय की जर्जर छत अचानक भरभराकर गिर गई।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब ढाई बजे हुई। राहत की बात यह रही कि उस समय स्कूल में कोई छात्र या शिक्षक मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हादसा स्कूल के संचालन के दौरान होता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल भवन की जांच कर आवश्यक मरम्मत और सुरक्षित भवन की व्यवस्था करने की मांग की है।
