Political Row Erupts Over Shivnandanpur Oath Ceremony, BJP And Congress Face Off
सूरजपुर। जिले के नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। समारोह से पहले ही भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। दोनों दल इस मुद्दे पर आमने-सामने नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद सहित 7 पार्षद भाजपा के निर्वाचित हुए हैं, जबकि कांग्रेस के 8 पार्षद जीतकर आए हैं। इसी बीच आगामी शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने की संभावना को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि शपथ ग्रहण समारोह के आमंत्रण पत्र में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों को उचित स्थान नहीं दिया गया है। इसे कांग्रेस ने अपनी उपेक्षा बताते हुए कार्यक्रम का विरोध किया है। इस संबंध में कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अलग से शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने की बात कही है।
कांग्रेस के जिला महामंत्री संजय डोसी ने कहा कि नगर पंचायत में कांग्रेस के 8 पार्षद निर्वाचित हुए हैं, लेकिन पार्टी के प्रमुख नेताओं के नाम आमंत्रण पत्र में शामिल नहीं किए गए। उन्होंने इसे कांग्रेस की अवहेलना बताते हुए अलग शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की।
वहीं भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष भीमसेन गोयल ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों का आगमन प्रस्तावित है। ऐसे में शासन के निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और प्रोटोकॉल के अनुसार ही व्यवस्था बनाई गई है। यदि कांग्रेस अलग से शपथ ग्रहण करना चाहती है तो यह उनका राजनीतिक निर्णय है, लेकिन शासन के नियमों और प्रोटोकॉल में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जा सकता।
शिवनंदनपुर नगर पंचायत के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर बढ़ते विवाद के बीच राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निर्धारित कार्यक्रम किस तरह संपन्न होता है और कांग्रेस अपने अलग शपथ ग्रहण कार्यक्रम को किस रूप में आयोजित करती है।
