LPG Cylinder Blast Kills 4-Year-Old Girl, Four Family Members Seriously Injured
खनियांधाना। शिवपुरी जिले के खनियांधाना क्षेत्र के गुड़र गांव में रसोई गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाका इतना भीषण था कि मकान की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबने से एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब घर में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। तेज धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
सिलेंडर फटने के बाद मकान में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से प्रजापति समाज के कई आशियानों को भी नुकसान पहुंचा है।
धमाके के कारण मकान की एक दीवार ढह गई, जिसके मलबे में दबकर 4 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पिछोर एसडीएम ममता शाक्य, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं दमकल विभाग की टीम ने तत्काल पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मासूम बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
फिलहाल खनियांधाना पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर गैस रिसाव या तकनीकी खराबी को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
