बस्तर: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरनार थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1 करोड़ 7 लाख 15 हजार रुपये मूल्य का अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नगरनार थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान एक बोलेरो पिकअप वाहन की जांच में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
