Netanyahu Warns Amid Ceasefire: “Finger on the Trigger,” Ready to Resume War
तेल अवीव: बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व में इजरायल क्षेत्रीय देशों के साथ एक नए गठबंधन पर चुपचाप काम कर रहा है, जिसका उद्देश्य ईरान पर दबाव बढ़ाना है। यह पहल बेहद गोपनीय तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है, जिसकी पुष्टि खुद नेतन्याहू ने की है।
नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय में आया है जब इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है और 28 फरवरी से टकराव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने संकेत दिया है कि इजरायल आगे और आक्रामक रणनीति अपना सकता है।
मंगलवार को दिए गए बयान में नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल क्षेत्र के अहम देशों के साथ अपने संबंध मजबूत कर रहा है, ताकि मिलकर ईरान के खतरे का सामना किया जा सके। हालांकि उन्होंने किसी भी देश का नाम सार्वजनिक नहीं किया, लेकिन जल्द ही इस पर और जानकारी देने की बात कही।
उनकी टिप्पणी से यह संकेत मिलता है कि इजरायल और अरब दुनिया के कुछ देशों के बीच नजदीकियां बढ़ रही हैं। खासकर खाड़ी क्षेत्र के देश, जो पहले से ही ईरान की सैन्य और परमाणु महत्वाकांक्षाओं को लेकर चिंतित हैं, इस गठबंधन का हिस्सा बन सकते हैं।
नेतन्याहू ने इसे एक व्यापक रणनीति का हिस्सा बताते हुए दावा किया कि इजरायल ने अपने हमलों के जरिए ईरान के परमाणु कार्यक्रम और बैलिस्टिक मिसाइल क्षमताओं को काफी हद तक कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि ये क्षमताएं इजरायल के अस्तित्व के लिए खतरा थीं, और अब क्षेत्रीय गठबंधन बनाकर ईरान को और दबाव में लाने की योजना है।
