The naked body of a young man was found near Bhouki Mata temple
धर्मधानी: के शांत शिप्रा तट पर मंगलवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भूखी माता मंदिर क्षेत्र के पास पुलिया के नीचे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ।
सूचना मिलते ही महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां शुरुआती मंजर देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव पूरी तरह नग्न अवस्था में कीचड़ और पत्थरों के बीच पड़ा था, जबकि पास में ही ग्रे रंग की पैंट और सफेद कुर्ता करीने से रखा मिला। इस रहस्यमयी और संदिग्ध स्थिति ने पुलिस और स्थानीय लोगों को चौंका दिया है।
मामले में सबसे बड़ा सुराग मृतक के गले में लिपटा ‘शू-लेस’ यानी जूते का फीता है। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि करीब 24 से 25 साल के इस युवक के गले में बंधे फीते से शक है कि हमलावरों ने इसी का इस्तेमाल कर उसका गला घोंटा है। युवक के माथे पर तिलक भी लगा हुआ था, जो उसके किसी धार्मिक आयोजन या मंदिर दर्शन कर लौटने की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस ने आसपास के रहवासियों और श्रद्धालुओं से पूछताछ की, लेकिन फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने बारीकी से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब मंदिर क्षेत्र और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि कातिल कौन थे और युवक वहां कैसे पहुंचा।
तिलकधारी युवक की इस संदिग्ध मौत ने इलाके में खौफ पैदा कर दिया है, वहीं पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने और शिनाख्त करने का दावा कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया गया है।
