कनाडा में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान हुए एक दर्दनाक विमान हादसे में दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। इस घटना की पुष्टि वैंकूवर स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने की है।
मृतकों की पहचान तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरन तिरुज्ञानसंबंधम के रूप में हुई है। दोनों छात्र कनाडा में उड़ान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
वैंकूवर स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुखद घटना से वह बेहद व्यथित है। दूतावास ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
दूतावास ने यह भी कहा है कि दोनों छात्रों के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में परिवारों को हरसंभव वाणिज्यिक और कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
फिलहाल विमान दुर्घटना के कारणों की जांच संबंधित कनाडाई एजेंसियां कर रही हैं। हादसे को लेकर विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
