राजनांदगांव: जिले के मुड़िया मोहरा थाना क्षेत्र के ग्राम बनबोर्ड में 18 एकड़ कृषि भूमि को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। लाठी-डंडों और टंगिया से हुई मारपीट में दोनों पक्षों के कुल 12 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल, राजनांदगांव में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बनबोर्ड में कृषि भूमि के स्वामित्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि न्यायालय से उनके पक्ष में फैसला आने के बावजूद उन्हें जमीन का कब्जा नहीं मिला। उनका यह भी दावा है कि मामले को लेकर कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, जब वे न्यायालय के आदेश और संबंधित दस्तावेज लेकर अपनी जमीन पर पहुंचे, तब दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और टंगिया से हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान पुरुषों के साथ महिलाओं की भी मारपीट की गई।
घटना में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्यायालय के आदेश के अनुरूप जमीन का कब्जा दिलाने की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। जमीन के स्वामित्व, न्यायालय के आदेश और लगाए गए अन्य आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
