तेहरान: ओमान के तट के पास स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य में एक तेल टैंकर और एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले के बाद क्षेत्र में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO के मुताबिक, सोमवार को एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल तेल टैंकर से टकराया, जिससे जहाज में आग लग गई। घटना में किसी के हताहत होने या पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।
UKMTO के अनुसार, तेल टैंकर ओमान के लिमाह क्षेत्र के पास दक्षिण दिशा की ओर बढ़ रहा था, तभी उसके बाईं ओर प्रोजेक्टाइल आकर लगा। टक्कर के तुरंत बाद जहाज में आग लग गई। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
इस घटना के बाद अमेरिका ने हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से आई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने सोमवार रात होर्मुज स्ट्रेट में दो मिसाइलें दागीं, जिनकी चपेट में एक तेल टैंकर और एक वाणिज्यिक जहाज आ गए। दोनों जहाजों को नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में गिना जाता है। अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन (EIA) के अनुसार, वर्ष 2024 में इस मार्ग से प्रतिदिन लगभग 2 करोड़ बैरल कच्चे तेल का परिवहन हुआ, जो वैश्विक तेल आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत है। ऐसे में यहां किसी भी तरह का तनाव अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार पर असर डाल सकता है।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव का असर होर्मुज स्ट्रेट पर भी देखने को मिला है। पहले भी इस समुद्री मार्ग पर आवाजाही को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं। हालांकि दोनों देशों के बीच हुए समझौते में इस मार्ग को खुला रखने की बात कही गई थी, लेकिन ताजा हमले के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता को लेकर चिंता फिर बढ़ गई है।
