Couple Dupes Over ₹1 Crore by Selling Same Land to Multiple Buyers in Sehore
मध्यप्रदेश: के सीहोर जिले में पति-पत्नी द्वारा जमीन के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर एक ही जमीन का सौदा एक दर्जन से अधिक लोगों से कर उनसे बयाना राशि हड़प ली।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नोनीखेड़ी गोसाई निवासी दीनदयाल शर्मा और उनकी पत्नी वैशाली शर्मा लोगों को सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देते थे। वे जमीन खरीदने के इच्छुक लोगों से संपर्क कर उनसे विक्रय अनुबंध (एग्रीमेंट) कर लेते थे और एडवांस (बयाना) के रूप में मोटी रकम वसूल कर फरार हो जाते थे।
बताया जा रहा है कि दोनों ने इस काम के लिए एक संगठित गिरोह बना रखा था, जो भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाता था। अब तक एक दर्जन से अधिक लोग इनके झांसे में आकर लाखों रुपये गंवा चुके हैं और कुल ठगी की रकम 1 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सीहोर कोतवाली पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक पांच एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी दीनदयाल शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसकी पत्नी वैशाली शर्मा फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सहयोगियों की भी जांच कर रही है और संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
