अंबिकापुर: आषाढ़ माह के प्रथम दिवस पर अंबिकापुर में दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज और लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
महोत्सव के दौरान आगंतुकों को विश्व की प्राचीनतम रंगशाला मानी जाने वाली सीता बेंगरा गुफा, ऐतिहासिक जोगीमारा गुफा, रामगढ़ पर्वत श्रृंखला तथा अन्य महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इतिहास एवं पुरातत्व विशेषज्ञ इन स्थलों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक महत्व की विस्तृत जानकारी देंगे, ताकि नई पीढ़ी अपनी ऐतिहासिक विरासत को बेहतर ढंग से समझ सके।
कार्यक्रम में दिल्ली से आए ख्यातिप्राप्त कलाकारों ने रामलीला की आकर्षक प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
हालांकि, आयोजन के बीच स्थानीय लोगों में प्रस्तावित अडानी परियोजना को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। वहीं कार्यक्रम स्थल के आसपास पहाड़ियों में दरारें दिखाई देने की बात भी सामने आई। इन मुद्दों पर फिलहाल संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
उधर, स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संघ ने उद्घाटन समारोह का बहिष्कार किया। बहिष्कार के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
