बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे एक बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बंदी की तबीयत सोमवार तड़के अचानक बिगड़ गई। उसे पहले जेल अस्पताल और बाद में सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मृतक की पहचान जनक राम बंजारे (62), निवासी मुंगेली के रूप में हुई है। वह वर्ष 2015 से हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे वह बैरक से बाथरूम जाने के लिए निकला था। इसी दौरान वह अचानक गिर पड़ा, जिससे उसके शरीर पर चोटें भी आईं।
घटना के बाद जेल स्टाफ ने उसे तत्काल जेल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर करीब एक घंटे बाद उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां सुबह करीब 5:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
बाइट: खोमेस मंडावी, जेल अधीक्षक
जेल अधीक्षक खोमेस मंडावी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस और जेल प्रशासन बंदी के शरीर पर मिले चोट के निशानों सहित सभी पहलुओं की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
