US Launches Fresh Strike On Iranian Military Site Near Strait Of Hormuz, Drones Shot Down
अमेरिका: और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी सेना ने बुधवार देर रात ईरान के अंदर नई सैन्य कार्रवाई करते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक यह ठिकाना अमेरिकी सेना और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों के लिए खतरा बन रहा था।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेना ने ईरान की ओर से भेजे गए कई ड्रोन मार गिराए और उसके बाद ड्रोन लॉन्च साइट पर जवाबी हमला किया। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि यह कार्रवाई पूरी तरह आत्मरक्षा में की गई।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने एक अमेरिकी व्यापारिक जहाज को निशाना बनाते हुए चार ड्रोन भेजे थे। इसके जवाब में अमेरिकी सेना ने फारस की खाड़ी के पास मौजूद एक ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन और ड्रोन लॉन्च यूनिट पर हमला किया।
स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे ईरान के बंदर अब्बास शहर के आसपास कई तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं। ईरानी सरकारी मीडिया ने भी पुष्टि की कि क्षेत्र में एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय किया गया था।
बताया जा रहा है कि जिस सैन्य ठिकाने पर हमला हुआ, वहां से एक और ड्रोन लॉन्च करने की तैयारी चल रही थी। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इन सीमित और रणनीतिक हमलों का उद्देश्य क्षेत्र में संघर्ष को बढ़ाना नहीं बल्कि युद्धविराम और समुद्री सुरक्षा बनाए रखना था।
गौरतलब है कि बंदर अब्बास फारस की खाड़ी में ईरान का सबसे अहम बंदरगाह माना जाता है। इससे पहले भी अमेरिकी सेना इस इलाके में मिसाइल लॉन्च साइट और समुद्री माइन बिछाने वाली नावों को निशाना बना चुकी है।
इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान समझौते के लिए तैयार नजर आ रहा है। ट्रंप ने कहा कि बातचीत सही दिशा में चल रही है और होर्मुज जलडमरूमध्य सभी देशों के लिए खुला रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि समुद्री मार्ग सुरक्षित बना रहे।
