Muzaffarnagar: Two BCom Students Insist on Living Together, Families Agree After Counseling
उत्तर प्रदेश: के मुजफ्फरनगर जिले से समलैंगिक रिश्ते से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। खतौली क्षेत्र की दो बीकॉम छात्राओं ने समाज और परिवार की परंपराओं के खिलाफ जाकर एक-दूसरे के साथ रहने और शादी करने की इच्छा जताई। इस मामले को लेकर पिछले दो दिनों तक खतौली कोतवाली में काफी हलचल देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं अलग-अलग गांवों की रहने वाली हैं और साथ में बीकॉम की पढ़ाई कर चुकी हैं। करीब तीन साल पहले एक शादी समारोह में उनकी मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरे रिश्ते में बदल गई और दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब परिवारों ने दोनों के लिए शादी के रिश्ते तलाशने शुरू किए। दोनों छात्राओं ने लड़कों से शादी करने से साफ इनकार कर दिया। जब परिवारवालों ने इसकी वजह पूछी, तो दोनों ने बताया कि वे एक-दूसरे से ही शादी करना चाहती हैं। यह सुनकर परिवार हैरान रह गए और उन्होंने इस रिश्ते का विरोध किया।
परिवार के बढ़ते दबाव के बीच मामला सोमवार शाम खतौली कोतवाली पहुंच गया। पुलिस और परिजनों ने दोनों को समझाने की कोशिश की। सोमवार रात उन्हें घर भेज दिया गया, लेकिन मंगलवार सुबह दोनों फिर कोतवाली पहुंच गईं और साथ रहने की मांग पर अड़ी रहीं।
कई घंटों तक चली बातचीत और काउंसिलिंग के बाद दोनों छात्राओं ने अपने परिवारों के सामने कुछ शर्तें रखीं। बेटियों के लगातार आग्रह और भविष्य को देखते हुए परिवारों ने आखिरकार उन शर्तों को मान लिया। इसके बाद दोनों छात्राएं अपने-अपने परिवार के साथ घर लौटने को तैयार हो गईं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामला दो बालिग लड़कियों के रिश्ते से जुड़ा था। फिलहाल दोनों पक्षों की सहमति से मामला शांत हो गया है। पुलिस ने कहा है कि भविष्य में यदि दोबारा कोई विवाद सामने आता है, तो प्रोफेशनल काउंसिलिंग की मदद ली जाएगी।
