Air India Delhi–San Francisco Flight Returns After 8 Hours Due to Technical Glitch
दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI173 में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी सामने आने के बाद विमान को वापस दिल्ली लौटाना पड़ा। विमान करीब 8 घंटे तक हवा में रहा, जिसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। फ्लाइट में लगभग 230 यात्री सवार थे और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी समस्या का पता चलने के बाद तय सुरक्षा मानकों के तहत विमान को वापस बुलाने का फैसला लिया गया। एयरलाइन के अनुसार, विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जाएगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए एअर इंडिया ने वैकल्पिक उड़ानों, होटल, रिफ्रेशमेंट और री-शेड्यूलिंग की व्यवस्था शुरू कर दी है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले मार्च महीने में भी एअर इंडिया की एक फ्लाइट को वापस लौटना पड़ा था। दिल्ली से वैंकूवर जा रही फ्लाइट AI185 करीब 8 घंटे हवा में रहने के बाद दिल्ली लौट आई थी। बाद में जानकारी सामने आई थी कि विमान के पास कनाडा में प्रवेश की अनुमति नहीं थी, जिसके कारण उसे वापस आना पड़ा।
पिछले साल अहमदाबाद विमान हादसे के बाद से एअर इंडिया लगातार तकनीकी और संचालन संबंधी चुनौतियों का सामना कर रही है। उस हादसे में लगभग 270 लोगों की जान गई थी, जिसके बाद एयरलाइन की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी निगरानी पर लगातार सवाल उठते रहे हैं।
