Two More Fuel Ships Bound for India Pass Through Strait of Hormuz
नई दिल्ली। अमेरिका-इज़रायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर है। इसी के चलते Strait of Hormuz को आंशिक रूप से बंद कर दिया गया था। हालांकि, ईरान ने कुछ चुनिंदा देशों के जहाजों को गुजरने की अनुमति दी है। इसी बीच भारत के लिए ईंधन लेकर आ रहे दो और जहाज इस अहम जलमार्ग से गुजर रहे हैं।
समाचार एजेंसी ANI के सूत्रों के अनुसार, पेट्रोलियम उत्पाद लेकर आ रहे ये दोनों भारतीय व्यापारिक जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट से निकल रहे हैं। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारतीय नौसेना के युद्धपोत पूरी तरह तैयार और सतर्क स्थिति में तैनात हैं। सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में और जहाज भी इसी मार्ग से गुजर सकते हैं।
एलपीजी से लदे पांच जहाज भी रास्ते में
शिप ट्रैकिंग वेबसाइटों के मुताबिक, भारत की ओर बढ़ रहे पांच एलपीजी कैरियर जहाज फिलहाल दुबई और रास अल खैमाह के उत्तर में, होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में लंगर डाले खड़े हैं। ये जहाज एक साथ आगे बढ़ने की तैयारी में हैं, ताकि सुरक्षित तरीके से इस संवेदनशील जलमार्ग को पार कर सकें। इन जहाजों पर कुल मिलाकर 1.7 लाख टन से अधिक एलपीजी लदी हुई है।
इस बीच, 27 मार्च 2026 को ईरान के Islamic Revolutionary Guard Corps ने दावा किया कि उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहे तीन जहाजों को वापस लौटा दिया। गार्ड्स ने स्पष्ट किया कि यह मार्ग उन जहाजों के लिए बंद है, जिनका संबंध उनके विरोधी देशों के बंदरगाहों से है।
26 जहाजों को दी गई अनुमति
हाल ही में ईरान ने कुल 26 जहाजों को इस जलमार्ग से गुजरने की अनुमति दी है। ये जहाज ईरान के तट के पास स्थित Larak Island के आसपास बनाए गए विशेष मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। इनमें अधिकांश जहाज यूनान और चीन के स्वामित्व वाले हैं, जबकि कुछ जहाज भारत, पाकिस्तान और सीरिया से जुड़े हैं।
