Firing in Chandausi’s Bada Bazaar, Trader Injured in Land Dispute
चंदौसी (संभल)। शहर के बड़े बाजार क्षेत्र में शनिवार सुबह अचानक फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। जमीनी विवाद को लेकर दो कारोबारी पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और गोली चल गई। इस घटना में एक सब्जी व्यापारी घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बड़े बाजार स्थित पुरानी सब्जी मंडी में निखिल गुप्ता पक्ष द्वारा चार दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। जिस जमीन पर निर्माण कार्य चल रहा है, उसी पर घड़ी की दुकान चलाने वाले व्यापारी निशांत वार्ष्णेय भी अपना दावा कर रहे हैं। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कई दिनों से तनाव बना हुआ था।
शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे निखिल गुप्ता अपने भाई अर्पित और पिता गोपीराम के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानों पर शटर लगवाने का काम शुरू कराया। आरोप है कि इसी दौरान निशांत और उसका भाई प्रशांत वहां पहुंचे और विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे और फिर तमंचे से फायरिंग कर दी गई।
फायरिंग में निखिल गुप्ता के बाएं हाथ में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। मामले में कार्रवाई जारी है। प्रभारी निरीक्षक Anuj Tomar ने बताया कि घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
