15-Year-Old Girl Dies After Lightning Strike, Village in Mourning
अंबिकापुर (27 मार्च 2026)। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बकना कला में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बकना कला निवासी सन्मतिया (15) अपने खेत के पास भैंसा चरा रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज आंधी-बारिश के साथ गर्जना शुरू हो गई। इसी बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय किशोरी खुले स्थान पर मौजूद थी, जिससे वह सीधे बिजली की चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। लुण्ड्रा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद गांव में गहरा सदमा है। ग्रामीणों के अनुसार, किशोरी रोज की तरह मवेशी चराने गई थी, लेकिन अचानक बदले मौसम ने यह दुखद हादसा कर दिया।
