Twisha Sharma Case: Family Alleges VIP Treatment To Samarth Singh
भोपाल: Bhopal में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में एक नया विवाद सामने आया है। ट्विशा शर्मा के पति समरथ सिंह की गिरफ्तारी के बाद उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि कोर्ट परिसर में आरोपी को वीआईपी ट्रीटमेंट दिया गया।
ट्विशा शर्मा के पिता के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने दावा किया कि समरथ सिंह को जिला एवं सत्र न्यायाधीश की कोर्ट रूम नंबर 32 में बैठाया गया था और उस दौरान कमरे का दरवाजा बंद रखा गया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किस अधिकार के तहत एक आरोपी को इस तरह कोर्ट कक्ष में बैठने की अनुमति दी गई।
वकील ने आरोप लगाया कि समरथ सिंह कोर्ट में सरेंडर करने आया था, लेकिन उस समय तक ज्यादातर जज जा चुके थे। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खुलवाने की मांग की तो समरथ वहां से निकलकर बार एसोसिएशन के कक्ष में जाकर बैठ गया।
परिवार का आरोप है कि समरथ सिंह और उनकी मां, रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर मामले में कार्रवाई को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। परिवार ने यह भी सवाल उठाया कि लुकआउट नोटिस और 30 हजार रुपये के इनाम के बावजूद आरोपी खुलेआम घूमता रहा।
शुक्रवार शाम कोर्ट परिसर में उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब समरथ सिंह कथित तौर पर सरेंडर करने पहुंचे। मीडिया से बचने के लिए उन्होंने मास्क, चश्मा और कैप पहन रखी थी। इस दौरान उनके साथ मौजूद कुछ लोगों पर पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की और हंगामा करने के आरोप भी लगे।
समरथ सिंह के वकील सौरभ सुंदर ने बताया कि उनके मुवक्किल ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली थी और कोर्ट में आत्मसमर्पण का फैसला किया था। हालांकि पुलिस ने सरेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही उन्हें हिरासत में ले लिया।
बाद में भोपाल पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर राजधानी पहुंची। फिलहाल समरथ सिंह को कटारा हिल्स थाने में रखा गया है और उन्हें कोर्ट में पेश किए जाने की तैयारी है।
इसी बीच बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने भी समरथ सिंह का वकालत लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। अब निलंबन अवधि के दौरान वह अपने नाम के आगे “एडवोकेट” शब्द का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।
वहीं दूसरी ओर, ट्विशा शर्मा के शव को पति को सौंपने की मांग को भी कोर्ट ने खारिज कर दिया है। मामले को लेकर पूरे मध्यप्रदेश में चर्चा तेज हो गई है और पुलिस जांच लगातार जारी है।
