Hyderabad Lawyer Death Raises Murder Suspicion
हैदराबाद: Hyderabad में एक वरिष्ठ वकील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई है। पुलिस के मुताबिक 63 वर्षीय ख्वाजा मोइजुद्दीन अपने घर के बाहर कार में बैठने जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। परिवार ने इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है।
घटना मसाब टैंक इलाके की बताई जा रही है। सीसीटीवी वीडियो में देखा गया कि ख्वाजा मोइजुद्दीन अपनी टोयोटा इनोवा कार में बैग रख रहे थे। जैसे ही वह ड्राइविंग सीट की ओर बढ़े, तभी हरे रंग की Mahindra Scorpio अचानक दिशा बदलते हुए उनकी तरफ आई और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह करीब 15 से 20 फीट दूर जा गिरे।
स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पहले महावीर अस्पताल और बाद में दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के बेटे और वकील मोहम्मद फरहान ने आरोप लगाया कि यह हादसा नहीं बल्कि पहले से रची गई साजिश थी। उनका कहना है कि उनके पिता वक्फ जमीनों पर कथित कब्जे और अवैध निजीकरण से जुड़े कई मामलों की पैरवी कर रहे थे। इसी वजह से उन्हें पहले भी कई बार धमकियां और हमलों का सामना करना पड़ा था।
परिवार ने दो लोगों पर सीधे तौर पर शक जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस ने हिट एंड रन का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों और वाहन की तलाश के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं।
घटना के बाद वकीलों में भी नाराजगी देखी जा रही है। कई अधिवक्ताओं ने संवेदनशील मामलों की पैरवी करने वाले वकीलों की सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
