हैदराबाद/रंगारेड्डी: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शाबाद मंडल में छह लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार, POCSO मामले में हाल ही में जमानत पर छूटे आरोपी राजकुमार (28) पर एक नाबालिग लड़की, उसकी मां, नानी, अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या करने का आरोप है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की सात विशेष टीमें जुटी हुई हैं।
फ्यूचर सिटी पुलिस आयुक्त तरुण जोशी ने बताया कि आरोपी मंगलवार देर रात सबसे पहले पीड़िता के घर पहुंचा, जहां उसने कथित तौर पर लड़की की मां और नानी की चाकू से हत्या कर दी। इसके बाद वह नाबालिग को नगरकुंटा क्षेत्र के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि यौन उत्पीड़न की भी आशंका है, लेकिन इसकी पुष्टि फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और अपनी पत्नी तथा दोनों बच्चों की भी हत्या कर दी। बाद में उसने अपने माता-पिता को फोन कर कथित रूप से बताया कि उसने छह लोगों की हत्या कर दी है और वह भी जान देने जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 16 मई को POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। 26 मई को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, लेकिन हाल ही में वह जमानत पर रिहा हुआ था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए सात विशेष पुलिस टीमें लगातार तलाश कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या और कथित दुष्कर्म से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि जांच, फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही की जाएगी।
