महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिला कारागार से रिहा होते ही एक शातिर अपराधी को मध्यप्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जेल के मुख्य गेट पर पहले से मौजूद एमपी की गौरिहार थाना पुलिस ने जैसे ही आरोपी ने जेल की चौखट पार की, उसे हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई आरोपी के परिजनों के सामने हुई, जो उसकी रिहाई पर उसे लेने पहुंचे थे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह वर्ष 2019 से मध्यप्रदेश में दर्ज ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट के मामले में फरार चल रहा था। इस मामले में मध्यप्रदेश की अदालत ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी कर रखा था।
बताया गया कि 23 जुलाई को महोबा के अजनर थाना पुलिस ने प्रदीप राजपूत को एक तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे महोबा जिला जेल भेजा गया था।
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई को जिलाधिकारी ने आरोपी को छह महीने के लिए जिला बदर किया था, लेकिन वह आदेश का उल्लंघन कर क्षेत्र में घूम रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
जेल से रिहाई मिलते ही पहले से सतर्क मध्यप्रदेश पुलिस ने महोबा जिला उपकारागार के मुख्य द्वार पर उसे गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई। इस पूरी कार्रवाई को देखने के लिए जेल परिसर के बाहर लोगों की भीड़ भी जुट गई।
