सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जगतपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने कथित तौर पर अपने डेढ़ से दो वर्ष के मासूम बच्चे को जमीन पर पटक दिया। घटना में बच्चे के सिर और नाक पर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, घरेलू कलह से परेशान होकर महिला ने यह कदम उठाया। घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन ने बताया कि बच्चे के सिर और नाक पर चोटें आई थीं, जिनका उपचार किया गया है। घायल मासूम को टांके लगाए गए हैं और फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य एवं खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। हालांकि अब तक इस मामले में रामानुजनगर थाने में किसी प्रकार की औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस घटना ने घरेलू विवादों के बीच बच्चों की सुरक्षा और उनके मानसिक एवं शारीरिक संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
