Thieves Target Teacher’s Locked House During Wedding Trip, Jewellery Worth ₹53,000 Stolen
सूरजपुर: जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र में चोरी की एक वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए जेवरात पार कर दिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के सतपता खुटनपारा निवासी शिक्षक अशोक राजवाड़े अपने घर में ताला लगाकर शादी समारोह में शामिल होने मध्य प्रदेश के बुढार गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर आलमारी में रखे सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि चोरी गए जेवरातों की कीमत लगभग 53 हजार रुपये आंकी गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश के लिए कार्रवाई की जा रही है।
