Spitting Paan Costs Dear in London, Two Indian-Origin Men Fined ₹1.72 Lakh Each
लंदन: ब्रिटेन की राजधानी लंदन में सार्वजनिक स्थान पर पान थूकना भारतीय मूल के दो लोगों को भारी पड़ गया। ब्रेंट काउंसिल ने सख्ती दिखाते हुए दोनों पर 1300 पाउंड (करीब 1.72 लाख रुपये) से अधिक का जुर्माना लगाया है।
जुर्माना झेलने वालों में अक्षतकुमार भाद्रे पटेल (31) और हितेश पटेल (32) शामिल हैं। दोनों को नॉर्थ वेस्ट लंदन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने अलग-अलग मामलों में दोषी ठहराया।
अक्षतकुमार को 11 जून 2025 को किंग्सबरी इलाके में सड़क पर पान थूकते हुए पाया गया था। वहीं हितेश पटेल को 12 जून 2025 को वेम्बली हिल में इसी तरह की हरकत के लिए दोषी माना गया।
आमतौर पर इस तरह के मामले में 100 पाउंड (करीब 12,000 रुपये) का फाइन लगाया जाता है, लेकिन दोनों आरोपियों ने समय पर जुर्माना नहीं भरा और कोर्ट में भी पेश नहीं हुए। इसके चलते मामला अदालत तक पहुंचा और जुर्माना बढ़कर 1,391 पाउंड (करीब 1.72 लाख रुपये) हो गया।
ब्रेंट काउंसिल ने हाल के समय में पान और गुटखा थूकने के खिलाफ अभियान तेज किया है। काउंसिल अधिकारियों का कहना है कि सड़कों पर थूक के दाग साफ करना मुश्किल होता है और इससे स्वच्छता पर भी असर पड़ता है।
काउंसिल के अधिकारी नियमित रूप से गश्त करते हैं और नियम तोड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाती है। यदि जुर्माना नहीं भरा जाता, तो कानूनी कार्रवाई कर राशि बढ़ा दी जाती है।
इस घटना को लेकर काउंसिल ने साफ संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम जारी रहेंगे।
