Rape Case in Gwalior: Police Inspector Booked for Sexual Exploitation on Pretext of Marriage
ग्वालियर: Gwalior में एक विधवा महिला के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पीटीएस तिघरा (पुलिस ट्रेनिंग स्कूल) में तैनात टीआई ने महिला को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, झांसी रोड थाना क्षेत्र के हरिशंकर पुरम में रहने वाली 38 वर्षीय महिला, जो एक बुटीक संचालित करती है, ने पुलिस को बताया कि उसके पति का करीब 9 साल पहले निधन हो चुका है और उसका एक बच्चा भी है। करीब दो साल पहले उसकी पहचान फेसबुक के जरिए पीटीएस तिघरा में पदस्थ टीआई रूपेश शर्मा से हुई थी।
सोशल मीडिया पर बातचीत के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने खुद को अविवाहित बताकर महिला का विश्वास जीता। इसके बाद वह महिला के घर पहुंचा और शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पिछले दो वर्षों से शादी का झांसा देकर उसका शोषण करता रहा। इस दौरान महिला गर्भवती भी हुई, लेकिन उसका गर्भपात हो गया। जब महिला ने आरोपी से शादी करने का दबाव बनाया, तो वह टालता रहा।
शक होने पर महिला ने आरोपी की जांच की, जिसमें पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और बच्चों का पिता भी है। विरोध करने पर आरोपी ने महिला को धमकाया। इससे परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी टीआई रूपेश शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
