Obscene Act in Temple: Youth Arrested for Misconduct with Idol
बड़वानी: Barwani जिले के पास स्थित ग्राम सजवानी में धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने का मामला सामने आया है। आशापुरी मंदिर में एक युवक द्वारा प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 4 किलोमीटर दूर रावतपुरा स्थित आशापुरी मंदिर की है। ग्रामीणों को मंदिर से माला और कपड़े गायब होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज में एक युवक मंदिर परिसर में पहुंचकर अशोभनीय हरकतें करता हुआ नजर आया।
सीसीटीवी में देखा गया कि युवक पहले मंदिर में प्रवेश करता है, घंटियां बजाता है और फिर कैमरे के सामने खड़े होकर अश्लील इशारे करता है। इतना ही नहीं, उसने भेरू बाबा की मूर्ति से बंधी सफेद पगड़ी और वहां रखे रुमाल भी निकाल लिए और उन्हें अपनी बाइक की डिग्गी में रखकर फरार हो गया।
फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान बलराम चौहान, निवासी ग्राम सोन्दुल के रूप में हुई, जो सजवानी गांव में अपने ससुराल आता-जाता रहता था। घटना से नाराज ग्रामीणों ने शहर कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
शहर कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि शिकायत और सीसीटीवी सबूतों के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 298 और 299 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
