Minor Girlfriend Thrown from Train Over Marriage Pressure, 3 Arrested
खैरागढ़ (छत्तीसगढ़): जिले में एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शादी का दबाव बना रही अपनी नाबालिग प्रेमिका की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
प्रेम संबंध के बाद शादी का दबाव, युवक ने दोस्तों संग मिलकर नाबालिग को ट्रेन से धक्का देकर मार डाला।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चिचोला निवासी 27 वर्षीय मोहन वर्मा का पीड़िता के साथ पिछले एक साल से प्रेम संबंध था। आरोप है कि दैहिक संबंध बनाने के बाद जब नाबालिग ने साथ रहने और शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली
इस योजना में उसने अपने दो साथियों—हरीश वर्मा (31 वर्ष, निवासी अछोली) और एक नाबालिग को शामिल किया। 28 मार्च की रात आरोपियों ने मामा की शादी में आई बालिका का अपहरण कर लिया। पहचान छिपाने के लिए रास्ते में उसके कपड़े बदलवाए गए और मोबाइल फोन तोड़ दिया गया।
इसके बाद आरोपियों ने उसे डोंगरगढ़ से वेनगंगा एक्सप्रेस ट्रेन में बैठाया। जयरामनगर रेलवे स्टेशन के पास किसी बात को लेकर विवाद होने पर आरोपियों ने नाबालिग को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, अपहरण और साजिश समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। बालिग आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
