Major Accident in Kotma, Anuppur: Four-Storey Agrawal Lodge Collapses, One Dead, Several Injured
अनूपपुर: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब बस स्टैंड के पास स्थित चार मंजिला अग्रवाल लॉज अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय इमारत में कई मजदूरों के मौजूद होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मलबे में कई लोगों के दबे होने की खबर सामने आई। राहत और बचाव कार्य के दौरान अब तक एक मजदूर की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा नगर पालिका की टीमों के साथ पावर प्लांट और एसईसीएल से जुड़े बचाव दल भी राहत कार्य में जुटे हुए हैं।
मौके पर जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। आसपास की कुछ दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लॉज के पास निर्माण कार्य चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि खुदाई के कारण इमारत की नींव कमजोर हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस घटना के बाद निर्माण कार्य में लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह भी जांच का विषय है कि संबंधित निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। फिलहाल प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
