Indian Cargo Vessel Caught in US-Iran Crossfire Near Hormuz, One Sailor Killed and 17 Rescued
United States और Iran के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के बीच एक भारतीय मालवाहक जहाज गोलीबारी की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक घटना में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर मौजूद 17 अन्य क्रू मेंबरों को सुरक्षित बचा लिया गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘अल फैज नूर सुलेमानी’ नामक जहाज दुबई से यमन के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान समुद्री क्षेत्र में अमेरिका और ईरान के बीच हुई क्रॉस फायरिंग में जहाज गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया और बाद में डूबने लगा।
मृतक नाविक की पहचान Altaf Talab Ker के रूप में हुई है, जो गुजरात के द्वारका जिले के जाम सलाया कस्बे के निवासी थे। बताया गया है कि हमले के समय वह जहाज के इंजन रूम के पास मौजूद थे।
डूबते जहाज से बचाए गए 17 लोग
Indian Sailing Vessels Association के महासचिव आदम भाया के मुताबिक, जहाज पर कुल 18 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे। गोलीबारी के बाद जहाज में भारी नुकसान हुआ और वह समुद्र में डूबने लगा।
मौके पर पहुंचे दूसरे जहाज ‘प्रेम सागर’ ने तुरंत राहत अभियान चलाकर बाकी 17 नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को बाद में दुबई पहुंचाया गया।
भारतीय दूतावास ने जताया दुख
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने कहा कि वह जहाज के मालिक और संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है तथा प्रभावित भारतीयों को हर संभव सहायता दी जाएगी।
इस घटना के बाद नाविक समुदाय और मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। भारतीय संगठनों ने सरकार और दूतावास से मृतक नाविक के पार्थिव शरीर को भारत लाने और परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
होर्मुज में बढ़ता खतरा
होर्मुज जलडमरूमध्य इस समय दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री क्षेत्रों में बना हुआ है। लगातार बढ़ते सैन्य तनाव और हमलों के कारण व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात जल्द नहीं सुधरे तो इसका असर वैश्विक व्यापार और ऊर्जा सप्लाई पर भी पड़ सकता है।
