Friends Turn Killers in Jalaun: Missing Teen Found Dead After 13 Days
उत्तर प्रदेश: के जालौन जिले के माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के रुदपुरा गांव में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। 25 मार्च से लापता 17 वर्षीय किशोर का शव 13 दिन बाद एक पशुबाड़े से बरामद किया गया।
इस सनसनीखेज वारदात में चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या करने वाले कोई और नहीं, बल्कि उसके करीबी दोस्त ही निकले। पुलिस ने इस मामले में तेज प्रताप (25) और रोहित (23) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, किशोर 25 मार्च की शाम से लापता था। परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान आरोपियों ने परिवार को गुमराह करने की कोशिश भी की। जब पिता ने बेटे को फोन किया, तो आरोपी ने ही फोन उठाकर बताया कि लड़का फोन छोड़कर कहीं चला गया है।
करीब 13 दिनों तक परिवार भटकता रहा। बाद में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद पुलिस सक्रिय हुई और सर्विलांस की मदद से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शराब की बोतल से वार कर किशोर की हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर रोहित के घर के पशुबाड़े में दफना दिया।
घटना के पीछे की वजह बेहद गंभीर बताई जा रही है। जांच में सामने आया कि मृतक को एक आपत्तिजनक मामले की जानकारी हो गई थी, जिसे लेकर विवाद हुआ और आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कई थानों की पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया है।
परिवार में जहां एक ओर बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर बेटे की इस दर्दनाक मौत से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
