सूरजपुर। सूरजपुर में साइबर ठगों ने एक गरीब महिला को मुंबई पुलिस अधिकारी बनकर निशाना बनाया। ठगों ने उसके पति की गिरफ्तारी का झांसा देकर और मारपीट का कथित वीडियो भेजकर महिला से अब तक 35 हजार रुपये ठग लिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
सूरजपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मस्जिद मोहल्ला निवासी सोनी सिंह, जो लोगों के घरों में काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं, साइबर ठगी का शिकार हो गईं। उनके पति दूसरे शहर में ड्राइवर का काम करते हैं।
पीड़िता के अनुसार, चार दिन पहले उनके व्हाट्सएप पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके पति को सोना-चांदी से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह सुनते ही महिला घबरा गई।
आरोप है कि ठगों ने पहले पति को छोड़ने के नाम पर 7 हजार रुपये मांगे, जिसे महिला ने भेज दिया। इसके बाद दोबारा कॉल कर 26 हजार रुपये और मांगे गए। इसी दौरान महिला के व्हाट्सएप पर एक वीडियो भी भेजा गया, जिसमें एक व्यक्ति के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही थी। महिला को विश्वास दिलाया गया कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति उसका पति है। पति की सुरक्षा की चिंता में महिला ने दूसरी रकम भी भेज दी।
पीड़िता का कहना है कि बाद में व्हाट्सएप कॉल पर उसकी कथित तौर पर पति से भी बात कराई गई, जिसमें दूसरी ओर से आवाज आई कि “मुझे बचा लो, जैसा कह रहे हैं वैसा कर दो।” इसके बाद ठगों ने पति को सुरक्षित छोड़ने के नाम पर 55 हजार रुपये और मांगे। अगले दिन फिर कॉल कर 20 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की गई।
लगातार पैसों की मांग और धमकियों के बाद महिला को ठगी का संदेह हुआ। इसके बाद उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो या खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पैसे मांगने वाले व्यक्तियों के झांसे में न आएं। ऐसी स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।
